धनबाद में नाबालिग लड़की की हत्या, प्रेमी के पिता समेत चार गिरफ्तार
धनबाद में 17 वर्षीय पूनम कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रेमी के पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। प्रेम विवाह से नाराजगी को हत्या की वजह बताया गया।
झारखंड के धनबाद में 17 वर्षीय किशोरी पूनम कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी के पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूनम ने परिवार की इच्छा के खिलाफ कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था और दोनों बलियापुर के करमाटांड़ में किराए के मकान में रह रहे थे। पूनम करीब तीन महीने की गर्भवती थी।
बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी पहाड़ी की तराई में कल्याण गांव के पास खेरबड़िया के सुनसान जंगल में किशोरी का शव मिला था। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में खून से लथपथ धड़ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी के दौरान धड़ से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ के नीचे प्लास्टिक की बोरी में उसका सिर भी बरामद हुआ।
घटनास्थल से अगरबत्ती और पूजा सामग्री मिलने के बाद नरबलि की अफवाह फैल गई थी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।
और पढ़ें: लंदन की टेम्स नदी पर पहली बार हुई गंगा आरती, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा
पुलिस के अनुसार, पूनम बुधवार से लापता थी। उसके पिता महेंद्र रवानी ने गुरुवार को बलियापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। घटनास्थल से मिली चप्पल की गंध के आधार पर डॉग स्क्वायड करीब चार किलोमीटर दूर करमाटांड़ स्थित कृष के घर तक पहुंचा। वहां पुलिस को अहम सुराग मिले।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने कृष के पिता जयराम रवानी, उसकी मौसी आलोमानी देवी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कृष के पिता बेटे की लव मैरिज से नाराज थे। उनका मानना था कि लड़की का परिवार उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर के सामने कुछ नहीं था। पुलिस का दावा है कि इसी नाराजगी के चलते हत्या की साजिश रची गई। घटनास्थल पर आरोपी की मौसी की चप्पल छूट जाना जांच में अहम सुराग साबित हुआ।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।