×
 

गंगा एक्सप्रेसवे हादसे में 3 की मौत, मां को खोजकर मम्मी-मम्मी रोता रहा 2 साल का मासूम

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर कार पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मां खो चुके दो वर्षीय मासूम की ‘मम्मी-मम्मी’ पुकार ने सबको भावुक कर दिया।

उत्तर प्रदेश के बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अस्पताल में एक ऐसा मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों की आंखें नम कर दीं।

दुर्घटना में जान गंवाने वाली दीपना खात्री का दो वर्षीय बेटा विनोद खुद भी घायल है। अस्पताल के बिस्तर पर पड़ा मासूम बार-बार अपनी मां को पुकारते हुए ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर रोता रहा। उसे इस बात का अहसास नहीं है कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। अस्पताल में मौजूद लोगों ने बच्चे को संभालने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब 3:45 बजे कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 175 के पास हुआ। नेपाली परिवार अर्टिगा कार से रुपैडिहा, नेपाल से चंडीगढ़ जा रहा था। बताया गया कि कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक दीपक ओली ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार पलट गई।

और पढ़ें: हिमाचल के मंडी में हनोगी सुरंग के अंदर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 7 घायल

कार करीब 25 से 30 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में 28 वर्षीय दीपना खात्री और 27 वर्षीय विपना सुनमगर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सात अन्य लोग घायल हुए हैं।

घायलों में चालक दीपक ओली, पुष्पा, ज्ञान बहादुर मल्ल, यादव पोडे, दो वर्षीय विनोद और 10 वर्षीय सिमोन समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद अस्पताल में विनोद की मां को खोजते हुए उसकी मासूम पुकार ने सभी को भावुक कर दिया। 

और पढ़ें: ओडिशा में बारिश के बीच अचानक धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन ट्रक खाई में गिरे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share