हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या, 12 राउंड फायरिंग
हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब विनोद पानू कोर्ट में सुनवाई के बाद मुख्य गेट से बाहर निकल रहा था। बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे और विनोद पानू को रोककर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने उस पर लगातार गोलियां चलाईं और इसके बाद हवा में भी दो राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
विनोद पानू हिसार के हांसी जिले के थुराना गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या समेत करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह हिसार के कुख्यात अपराधियों में शामिल था। उसके आपराधिक नेटवर्क का संबंध दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों से बताया जाता रहा है।
और पढ़ें: होर्मुज पर अमेरिका का गुप्त ऑपरेशन! ईरान के दबदबे के बीच रोजाना लाखों बैरल तेल निकालने का दावा
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार, विनोद पानू पर विधायक सावित्री जिंदल के निजी सहायक के भतीजे की हत्या का भी आरोप था। उसे वर्ष 2017 में झज्जर के भदवास इलाके से सीआईए ने गिरफ्तार किया था। उस समय उसकी गिरफ्तारी पर सात लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके साथ सात अन्य आरोपियों को भी पकड़ा था।
2017 की कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रिवॉल्वर, कार्बाइन, 12-बोर बंदूकें, पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए थे। अब पुलिस गैंगस्टर की हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
और पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे हादसे में 3 की मौत, मां को खोजकर मम्मी-मम्मी रोता रहा 2 साल का मासूम