×
 

मुजफ्फरपुर में छात्रा अपहरण मामले के आरोपियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई के बाद बाइक लूटकर फरार

मुजफ्फरपुर में छात्रा अपहरण मामले के आरोपियों ने गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद बदमाश बाइक लूटकर फरार हो गए।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में छात्रा के अपहरण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना कटरा थाना क्षेत्र के जजुआर ओपी इलाके की है। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अपहरण मामले का आरोपी उत्तम राय अपने कुछ साथियों के साथ जजुआर ओपी क्षेत्र के चैनपुर गाछी में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों को देखते ही बदमाशों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

फायरिंग के बीच बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। बताया गया कि भागने के दौरान आरोपियों ने रास्ते में एक राहगीर को हथियार का भय दिखाकर उसकी बाइक लूट ली। इसके बाद वे उसी बाइक से मौके से फरार हो गए।

और पढ़ें: मुजफ्फरपुर में शादी के 3 महीने बाद नवदंपति की संदिग्ध मौत, अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले शव

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस, मोबाइल फोन, वाई-फाई उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तम राय के खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े 13 से अधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ फायरिंग की घटना और छात्रा के अपहरण मामले की जांच भी कर रही है।

और पढ़ें: गया में पत्नी की हत्या के बाद पति ने काटी हाथ की नसें, बंद कमरे में मिला महिला का शव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share