जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, मंत्री के छोटी-मोटी घटना बयान पर विवाद
जमुई में दो नाबालिग छात्रों से कथित छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पॉक्सो के तहत कार्रवाई जारी है।
बिहार के जमुई में 19 सितंबर को दो नाबालिग छात्रों को रोककर उनके साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। दोनों दसवीं कक्षा के छात्र हैं और कोचिंग से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने उन्हें सड़क पर रोका, उनके साथ अभद्रता की और लड़की को परेशान किया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले में पुलिस ने पॉक्सो और किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के अनुसार, घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की और विशेष जांच टीम छापेमारी कर रही है।
घटना को लेकर बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने सरकार की ओर से जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, उनके कथित बयान कि ऐसी “छोटी-मोटी घटनाएं” होती रहती हैं, पर विपक्ष ने सवाल उठाए।
और पढ़ें: दो डिसमिल जमीन के विवाद में ढाई साल की बच्ची की मौत, महिला पर ईंट से हमला करने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए लड़कियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना को “बेहद परेशान करने वाला” बताया और आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो के तहत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे पितृसत्तात्मक सोच से जोड़ते हुए कहा कि लड़की की स्वतंत्रता पर किसी को नियंत्रण का अधिकार नहीं है।
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कार्रवाई नहीं होने पर भूख हड़ताल और आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं जमुई से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने घटना को चिंता का विषय बताया और कहा कि आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
और पढ़ें: बगहा में खेत में पानी पटवन को लेकर खूनी संघर्ष, फरसा से हमले में एक की मौत