कल्याण में बैंक से 100 मीटर पहले व्यापारी से 40 लाख की लूट
कल्याण में बैंक से 100 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी से 40 लाख रुपये लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े 40 लाख रुपये की लूट से हड़कंप मच गया। बैंक से महज 100 मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने नकदी जमा करने जा रहे व्यापारी को निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक, तंबाकू-पान मसाला व्यापारी फारूख अख्तर अपने साथी के साथ वालधुनी से एक्टिवा पर सवार होकर आगरा रोड स्थित बैंक में 40 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे शू-मॉल के सामने पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। व्यापारी और उनका साथी सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट की और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और दुर्गाडी किले की दिशा में फरार हो गए। भीड़भाड़ वाले इलाके में बैंक के इतने करीब हुई लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
और पढ़ें: नागपुर में बैंक लूट: कैमरे में कैद हुआ शख्स, कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंककर 4.53 लाख रुपये लूटे
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने व्यापारी की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी होगी। संभव है कि उन्हें उसके पास बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी पहले ही मिल गई थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बाजारपेठ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक गणेश न्हायदे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाना शुरू कर दिया है। बदमाशों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर इलाके में नाकाबंदी की गई है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले नागपुर के एक बैंक में भी दिनदहाड़े लूट हुई थी। वहां आरोपी ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर वारदात को अंजाम दिया था।
और पढ़ें: गया में रसगुल्ला बना 8 साल के बच्चे की मौत की वजह, गले में फंसने से गई जान