पीएम मोदी ने शुरू किया नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान की शुरुआत की। 100 सप्ताह के इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रख कर स्वस्थ समाज बनाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के दूत के रूप में तैयार करना है।
यह अभियान देशभर में चलने वाले 100 सप्ताह के जनभागीदारी कार्यक्रम की शुरुआत है। इसमें युवा, शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं मिलकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र के लिए है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है।
और पढ़ें: NEET UG काउंसलिंग 2026 का शेड्यूल जारी, 4 अगस्त से शुरू होगा ऑल इंडिया कोटा का पहला राउंड
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभियान का नाम ही इसके उद्देश्य को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को आत्मविश्वास से भरपूर और नशे जैसी खतरनाक आदतों से पूरी तरह मुक्त होना होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस पहल की शुरुआत पिछले वर्ष काशी (वाराणसी) में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई थी, जो अब देशव्यापी अभियान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों ने इस अभियान से जुड़कर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया है।
इस अभियान के तहत हर रविवार देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल कार्यक्रम, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक भागीदारी कार्यक्रम शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ समाज और फिर समृद्ध राष्ट्र का निर्माण होता है।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया था। यह नया अभियान उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
इस पहल में MY भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सदस्य, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर सरकारी संगठन और उद्योग संगठनों के युवा समूह शामिल होंगे। देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से युवा इस अभियान में जुड़ रहे हैं।
और पढ़ें: अमेरिका के इडाहो में फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी, 3 लोगों की मौत; संदिग्ध हमलावर भी मारा गया