×
 

ओमान तट के पास जहाज पर हमले की भारत ने की निंदा, 13 भारतीयों को बचाया गया

ओमान तट के पास एमटी एल गैया पर हमले में सवार 14 भारतीयों में से 13 को बचाया गया। भारत ने घटना की निंदा कर तत्काल तनाव कम करने की अपील की।

भारत ने ओमान के तट के पास व्यापारिक जहाज एमटी एल गैया पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि जहाज पर कुल 14 भारतीय सवार थे, जिनमें से 13 को अब तक सुरक्षित बचा लिया गया है। एक भारतीय नागरिक की तलाश के लिए अभियान जारी है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच भारत स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है। मंत्रालय ने क्षेत्र में तत्काल तनाव कम करने और शांति स्थापित करने के लिए बातचीत तथा कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और भारतीय नागरिकों के बचाव अभियान के लिए उनके साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है। भारत ने बचाए गए भारतीय नागरिकों की मदद करने के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी जताया।

और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी वाणिज्यिक जहाज पर हमला, एक की मौत और तीन घायल

भारत ने कहा कि क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही तथा व्यापारिक गतिविधियों को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की गई।

यह हमला क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों की श्रृंखला में नया मामला है। सरकार के अनुसार, अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद क्षेत्र में मारे गए 16 भारतीयों में 10 भारतीय नाविक शामिल हैं।

इससे पहले नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाविकों की सुरक्षा के लिए सीफेरर्स इमरजेंसी सपोर्ट नेटवर्क’ बनाने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा था कि वैश्विक व्यापार में नाविकों की अहम भूमिका है और संकट के समय उनकी सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रस्तावित नेटवर्क के जरिए संबंधित देशों के समुद्री प्राधिकरणों और राजनयिक मिशनों को जोड़ा जाएगा, ताकि संकट की सूचना, चिकित्सा सहायता, परिवारों को जानकारी और आपातकालीन निकासी में तेजी लाई जा सके।

और पढ़ें: पाकिस्तानी नौसेना के युद्धाभ्यास पर सवाल, समुद्र में नागरिकों की सुरक्षा के लिए कितनी तैयार है नौसेना?

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share