ट्रंप और नेतन्याहू समेत कई विदेशी नेताओं को निशाना बनाने की तैयारी? ईरानी अखबार ने छापी कथित हिट लिस्ट
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के बदले वाले बयान के बाद एक ईरानी अखबार ने कई विदेशी नेताओं की कथित हिट लिस्ट प्रकाशित की है।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच टकराव और गहरा होता दिखाई दे रहा है। ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद दिए पहले सार्वजनिक संदेश में बदला लेने की बात दोहराई थी। इसके बाद ईरान के एक कट्टरपंथी अखबार ने कई विदेशी नेताओं की कथित “हिट लिस्ट” प्रकाशित की है।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बदले की भावना तेज हुई है। अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के दौरान भी कई लोगों ने अमेरिका और इजरायल विरोधी नारे लगाए और बदला लेने की मांग की थी।
मोजतबा खामेनेई ने अपने संदेश में कहा था कि बदला लेना जरूरी है और यह देश की सबसे बड़ी मांगों में से एक है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी भी नेता का नाम नहीं लिया था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि ईरान ने उन लोगों की सूची तैयार कर ली है जिन्हें निशाना बनाया जा सकता है।
इसके बाद तेहरान से प्रकाशित ईरानी अखबार “हमशहरी” ने एक ऑनलाइन इन्फोग्राफिक जारी किया, जिसमें 13 विदेशी नेताओं की तस्वीरें शामिल थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के नाम शामिल थे।
इसके अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का नाम भी इस सूची में दिखाया गया।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस सूची को ईरानी सरकार की आधिकारिक मंजूरी मिली है या नहीं। अखबार द्वारा प्रकाशित सूची को सरकार की आधिकारिक घोषणा नहीं माना गया है।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव में होर्मुज जलडमरूमध्य एक बड़ी चुनौती बन गया है। हालिया घटनाओं के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत प्रभावित हुई है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि गलत फैसलों की कीमत चुकानी पड़ेगी।
वहीं, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर कलीबाफ ने जवाब देते हुए कहा कि एकतरफा समझौतों का दौर खत्म हो चुका है और अब ईरान अपने हितों की रक्षा करेगा।
और पढ़ें: ट्रंप बोले- ईरान ने बातचीत की मांग की, अमेरिका तैयार; लेकिन युद्धविराम खत्म होने का किया ऐलान