×
 

रिपोर्ट का दावा: अंधेरे में कार की पिछली सीट पर हुई ईरानी राष्ट्रपति और मोजतबा ख़ामेनेई की मुलाकात

एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने गुप्त स्थान पर अंधेरे में मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाकात की, जिससे उनकी स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गईं।

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई की मौजूदगी और स्वास्थ्य को लेकर अटकलों के बीच एक नई रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने हाल ही में तेहरान के एक गुप्त स्थान पर मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाकात की, लेकिन यह मुलाकात पूरी तरह अंधेरे में एक कार की पिछली सीट पर हुई। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राष्ट्रपति उन्हें देख भी नहीं सके और केवल उनकी आवाज़ सुन पाए।

रिपोर्ट के मुताबिक, मसूद पेज़ेश्कियान को पहले ही बता दिया गया था कि मुलाकात ख़ामेनेई के आधिकारिक आवास पर नहीं होगी। जब वह निर्धारित स्थान पर पहुंचे तो उन्हें काले शीशों वाली एक कार की पिछली सीट पर बैठाया गया। वहां पहले से मौजूद व्यक्ति का परिचय मोजतबा ख़ामेनेई के रूप में कराया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण राष्ट्रपति उनकी पहचान की पुष्टि नहीं कर सके। यहां तक कि दोनों के बीच हाथ मिलाने की भी अनुमति नहीं दी गई।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यह बैठक उस समय आयोजित की गई जब राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने कथित तौर पर इस्तीफा देने की चेतावनी दी थी। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति ने दोबारा मिलने की इच्छा जताई, लेकिन अब तक उनकी यह मांग स्वीकार नहीं की गई है।

और पढ़ें: ट्रंप का ईरान युद्ध जल्द खत्म होने का दावा, हथियारों की कमी की खबर को बताया फर्जी

इससे पहले राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्होंने मई में मोजतबा ख़ामेनेई से करीब ढाई घंटे तक सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात की थी। वहीं हाल ही में उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि सर्वोच्च नेता से संपर्क करना अब बेहद कठिन हो गया है।

गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले दावा कर चुके हैं कि अमेरिकी हमलों में मोजतबा ख़ामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब ईरान इंटरनेशनल की ताजा रिपोर्ट ने एक बार फिर मोजतबा ख़ामेनेई के स्वास्थ्य, ठिकाने और ईरान में उनकी सक्रिय भूमिका को लेकर नई अटकलों को हवा दे दी है।

और पढ़ें: ईरान के राष्ट्रपति का बड़ा खुलासा, बोले- सर्वोच्च नेता मोज़तबा ख़ामेनेई से संवाद करना इस समय बेहद मुश्किल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share