ईरान ने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का नया वीडियो जारी किया, गंभीर स्वास्थ्य को लेकर अटकलें तेज
ईरान ने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का 12 सेकंड का नया वीडियो जारी किया है। गंभीर स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्टों के बीच उनकी सार्वजनिक अनुपस्थिति से अटकलें बढ़ी हैं।
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर जारी अटकलों के बीच ईरानी मीडिया ने उनका एक नया वीडियो जारी किया है। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी द्वारा जारी यह वीडियो केवल 12 सेकंड का है और इसकी तारीख स्पष्ट नहीं है। वीडियो में मोजतबा खामेनेई अपने सलाहकारों और अधिकारियों के साथ चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं।
मेहर समाचार एजेंसी ने वीडियो साझा करते हुए इसे सुप्रीम लीडर का नया वीडियो बताया। इसमें मोजतबा खामेनेई को क्षेत्रीय रणनीति और अमेरिका के साथ जारी संघर्ष से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया गया है।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब कई इजरायली मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यरुशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट में यहां तक दावा किया गया कि उनकी स्थिति इतनी गंभीर है कि आने वाले कुछ दिनों में उनकी मृत्यु हो सकती है।
और पढ़ें: ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की हालत गंभीर, अस्पताल ले जाए जाने की रिपोर्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कई बार दावा कर चुके हैं कि मोजतबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर बनी हुई है। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से मोजतबा सार्वजनिक रूप से एक बार भी सामने नहीं आए हैं। वह अपने पिता और पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुए थे, जबकि उनके तीन भाई वहां मौजूद थे।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने हाल ही में कहा था कि फिलहाल मोजतबा से संपर्क करना “बहुत मुश्किल” है। ईरान इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद पेजेश्कियन ने तेहरान में एक अज्ञात स्थान पर मोजतबा से मुलाकात की थी। रिपोर्ट के अनुसार, मुलाकात एक काले शीशों वाली कार में हुई और पेजेश्कियन उन्हें स्पष्ट रूप से देख भी नहीं सके। कथित तौर पर उन्होंने उस व्यक्ति से पूछा कि क्या वह वास्तव में मोजतबा खामेनेई हैं। इसके बाद उनके कार्यालय ने दूसरी मुलाकात का अनुरोध भी ठुकरा दिया।
और पढ़ें: रिपोर्ट का दावा: अंधेरे में कार की पिछली सीट पर हुई ईरानी राष्ट्रपति और मोजतबा ख़ामेनेई की मुलाकात