×
 

गाजा में इजरायल का बड़ा हमला, हमास कमांडर मुहम्मद अल-हबील ढेर

इजरायल ने गाजा में हमास कमांडर मुहम्मद अल-हबील को मार गिराने का दावा किया। वह 7 अक्टूबर हमले और आईडीएफ सैनिक नोआ मार्सियानो की हत्या में शामिल बताया गया।

इजरायली रक्षा बल (IDF) ने गाजा में एक बड़े सैन्य अभियान के तहत हमास के आतंकी सेल प्रमुख मुहम्मद इस्साम हसन अल-हबील को मार गिराने का दावा किया है। इजरायल के अनुसार, अल-हबील वही व्यक्ति था जिसने आईडीएफ की सैनिक नोआ मार्सियानो की हत्या की थी और 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमास हमले में अहम भूमिका निभाई थी।

आईडीएफ और इजरायल सुरक्षा एजेंसी (शिन बेट) की संयुक्त कार्रवाई में गाजा सिटी के शाती कैंप इलाके में खुफिया जानकारी के आधार पर एयरस्ट्राइक की गई। इजरायली सेना का कहना है कि यह हमला हमास द्वारा युद्धविराम के उल्लंघन के जवाब में किया गया।

इजरायल के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले के दौरान अल-हबील ने 19 वर्षीय नोआ मार्सियानो का अपहरण कराया था। बाद में उन्हें अल-शिफा अस्पताल में मार दिया गया। नोआ उन कई महिलाओं में शामिल थीं जिन्हें हमास ने बंधक बनाया था, लेकिन वह जीवित वापस नहीं लौट सकीं। उनके परिवार ने इस कार्रवाई को आंशिक न्याय बताया है।

और पढ़ें: ओमान में 6 फरवरी को फिर शुरू होगी अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता, ट्रंप ने खामेनेई को दी चेतावनी

इजरायली सेना ने कहा कि अल-हबील को एक अन्य गोलीबारी की घटना से भी जोड़ा गया था, जिसमें आईडीएफ का एक रिजर्व अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसके बाद वह इजरायल की हिट लिस्ट में प्रमुख लक्ष्य बन गया था।

आईडीएफ ने स्पष्ट किया कि 7 अक्टूबर हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह के अभियान बिना रुके चलते रहेंगे। मार्सियानो के परिवार ने कहा कि उन्हें इस खबर से कुछ राहत मिली है, लेकिन उनकी बेटी की याद में न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।

और पढ़ें: लीबिया के पूर्व तानाशाह गद्दाफी के बेटे सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी की ज़िंतान में मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share