जे.डी. वेंस पाकिस्तान रवाना, ईरान से शांति वार्ता के बीच दी सख्त चेतावनी
जेडी वेंस पाकिस्तान में ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए रवाना हुए। उन्होंने ईमानदारी से बातचीत की उम्मीद जताई और धोखा देने पर सख्त रुख की चेतावनी दी है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ईरान के साथ शांति वार्ता में शामिल होने के लिए शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि यदि ईरान ईमानदारी से बातचीत करता है तो अमेरिका रचनात्मक संवाद के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी तरह की धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जे.डी. वेंस ने कहा, “हम बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार हैं और हमें उम्मीद है कि यह सकारात्मक होगी। यदि ईरानी पक्ष ईमानदारी से वार्ता करता है, तो अमेरिका हमेशा हाथ बढ़ाने के लिए तैयार है।”
उन्होंने साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान “हमारे साथ खेलता है”, तो अमेरिकी वार्ता दल बहुत अधिक लचीला नहीं होगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है और संघर्षविराम कमजोर स्थिति में माना जा रहा है।
और पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने जे.पी. वेंस को बताया फ्रॉड जार, जानिए इसका क्या मतलब
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जे.डी. वेंस को इस वार्ता का नेतृत्व करने के लिए भेजा है। ट्रंप प्रशासन का उद्देश्य ईरान के साथ चल रहे छह सप्ताह पुराने संघर्ष को समाप्त करना और क्षेत्रीय तनाव को कम करना बताया जा रहा है।
इस दौरे में जे.डी. वेंस के साथ अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर भी शामिल हैं, जिन्होंने पहले भी ईरान के साथ अप्रत्यक्ष वार्ताओं में भाग लिया था। इन वार्ताओं में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और पश्चिम एशिया में उसके समर्थित गुटों को लेकर चिंताओं पर चर्चा हुई थी।
व्हाइट हाउस ने इस वार्ता के प्रारूप और एजेंडे को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। माना जा रहा है कि यह बातचीत प्रत्यक्ष होगी या अप्रत्यक्ष, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस बीच, अमेरिका में भी राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है कि इस संघर्ष का जल्द समाधान निकाला जाए।
और पढ़ें: क्या जे.डी. वांस होंगे अगले अमेरिकी राष्ट्रपति? CPAC स्ट्रॉ पोल से संकेत