×
 

किशोरों के लिए इंस्टाग्राम-फेसबुक पर 2 घंटे की सीमा, मेटा ने 29 अमेरिकी राज्यों के साथ किया समझौता

मेटा ने 29 अमेरिकी राज्यों के साथ 18 अरब डॉलर के समझौते के तहत किशोरों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर कई सख्त प्रतिबंध लागू करने पर सहमति जताई।

सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए बड़े बदलावों पर सहमति जताई है। 29 अमेरिकी राज्यों के साथ करीब 18 अरब डॉलर के समझौते के तहत इंस्टाग्राम और फेसबुक पर किशोरों के लिए कई नई पाबंदियां लागू की जाएंगी।

किशोरों के लिए दो घंटे की दैनिक सीमा

नई व्यवस्था के तहत किशोर इंस्टाग्राम और फेसबुक दोनों को मिलाकर प्रतिदिन अधिकतम दो घंटे इस्तेमाल कर सकेंगे। यह सीमा प्रत्येक ऐप के लिए अलग-अलग नहीं होगी। दो घंटे पूरे होने के बाद दोनों ऐप लॉक हो जाएंगे और अभिभावक की अनुमति मिलने पर ही अतिरिक्त समय दिया जा सकेगा। कई अकाउंट बनाकर सीमा से बचने की कोशिश करने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी।

और पढ़ें: पूर्व मेटा इंजीनियर का दावा- 13 साल से कम उम्र के बच्चों को लेकर इंस्टाग्राम ने अपनाई पूछो मत, बताओ मत नीति

रात में बंद रहेगा एक्सेस

मेटा रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक किशोरों के लिए दोनों प्लेटफॉर्म का एक्सेस बंद करने की तैयारी कर रही है। लगातार 15 मिनट इस्तेमाल करने के बाद ब्रेक लेने की याद दिलाने वाला अलर्ट भी आएगा।

अभिभावकों को मिलेगा अधिक नियंत्रण

माता-पिता अपने बच्चों के लिए गैर-व्यक्तिगत फीड का विकल्प चुन सकेंगे। इससे मेटा का एल्गोरिदम लगातार व्यक्तिगत सामग्री सुझाने के बजाय सामान्य फीड दिखाएगा। ऑटोप्ले को भी बंद किया जा सकेगा।

स्कूल के समय यानी सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक अधिकांश नोटिफिकेशन बंद रहेंगे। सुरक्षा अलर्ट या सीधे संदेश जैसी जरूरी सूचनाएं अपवाद होंगी। अत्यधिक कॉस्मेटिक फिल्टर पर भी रोक बढ़ाई जाएगी और पोस्ट पर लाइक या रिएक्शन की संख्या डिफॉल्ट रूप से छिपी रहेगी।

मेटा ने टिकटॉक और यूट्यूब से भी किशोरों के लिए इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया है। कंपनी नाबालिगों द्वारा गलत जन्मतिथि देकर अकाउंट बनाने की कोशिशों पर भी निगरानी मजबूत करेगी।

और पढ़ें: भारत सरकार का मेटा को संदेश: सीएसएएम उल्लंघन पर नहीं मिलेगा सेफ हार्बर, भाषाई-सांस्कृतिक संवेदनशीलता जरूरी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share