एआई की बढ़ती मांग से माइक्रोसॉफ्ट की रिकॉर्ड कमाई, तिमाही राजस्व 90 अरब डॉलर पहुंचा
एआई और क्लाउड सेवाओं की मजबूत मांग से माइक्रोसॉफ्ट का तिमाही राजस्व 90 अरब डॉलर और शुद्ध लाभ 35.8 अरब डॉलर पहुंचा। एज़्योर तथा माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया।
दुनिया की अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने 30 जून को समाप्त तिमाही के लिए शानदार वित्तीय परिणाम घोषित किए हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और क्लाउड सेवाओं की मजबूत मांग के चलते कंपनी का शुद्ध लाभ (नेट प्रॉफिट) साल-दर-साल 31 प्रतिशत बढ़कर 35.8 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया। वहीं, कंपनी का कुल राजस्व 18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 90 अरब अमेरिकी डॉलर दर्ज किया गया।
कंपनी के अनुसार, परिचालन आय (ऑपरेटिंग इनकम) भी 18 प्रतिशत बढ़कर 40.6 अरब अमेरिकी डॉलर रही। सामान्य लेखा मानकों (GAAP) के आधार पर प्रति शेयर आय (ईपीएस) 32 प्रतिशत बढ़कर 4.81 अमेरिकी डॉलर हो गई।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि ओपनएआई में निवेश से जुड़े प्रभावों को हटाकर गैर-जीएएपी आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत बढ़कर 35.3 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि प्रति शेयर आय 23 प्रतिशत बढ़कर 4.74 अमेरिकी डॉलर दर्ज की गई।
और पढ़ें: वंदे भारत यात्रा की सराहना करते हुए सोनम वांगचुक ने केंद्र को दिलाई वादों की याद
कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान कुछ एकमुश्त वित्तीय मदों का भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा, जिससे प्रति शेयर आय में 0.27 अमेरिकी डॉलर की अतिरिक्त बढ़ोतरी हुई। इसमें एंथ्रोपिक में निवेश से 3.2 अरब अमेरिकी डॉलर का लाभ और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति कार्यक्रम पर अपेक्षा से कम खर्च शामिल रहे। हालांकि, एक्सबॉक्स कारोबार से जुड़े सेवरेंस खर्च और परिसंपत्ति मूल्यह्रास (इम्पेयरमेंट) ने इन लाभों को आंशिक रूप से संतुलित किया।
माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला ने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से अधिक व्यावसायिक मूल्य सृजित करने में मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी की क्लाउड सेवा एज़्योर ने पहली बार वार्षिक आधार पर 100 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का राजस्व हासिल किया है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट के भुगतान करने वाले उपयोगकर्ताओं की संख्या 3 करोड़ से अधिक हो गई है, जो एआई आधारित उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
मुख्य वित्तीय अधिकारी एमी हुड ने कहा कि कंपनी ने वित्तीय वर्ष का समापन मजबूत प्रदर्शन के साथ किया। तिमाही के दौरान माइक्रोसॉफ्ट क्लाउड का राजस्व 27 प्रतिशत बढ़कर 59.3 अरब अमेरिकी डॉलर पहुंच गया, जिससे कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति और एआई आधारित कारोबार को नई मजबूती मिली।
और पढ़ें: राज्यसभा में खड़गे के भाषण पर हंगामा, मनुस्मृति वाले बयान का मूल पाठ मांगने पर अड़े जेपी नड्डा