मुंबई में भारी बारिश का असर: मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई की परीक्षाएं स्थगित कीं, जल्द जारी होगा नया शेड्यूल
भारी बारिश और आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के चलते मुंबई विश्वविद्यालय ने 6 जुलाई की सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगा।
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र मुंबई विश्वविद्यालय ने सोमवार (6 जुलाई) को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।
पिछले कई दिनों से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके कारण कई इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। खराब मौसम के चलते आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, सोमवार (6-07-2026) को एलएलएम, एमएससी और अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं आयोजित होनी थीं, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए इन्हें फिलहाल टाल दिया गया है। विश्वविद्यालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही मुंबई विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। छात्रों से नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।
और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपत राय के उत्तराधिकारी समेत कई बड़े फैसलों पर होगी चर्चा
इससे पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी आईएमडी द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों एवं कॉलेजों में सोमवार को अवकाश घोषित किया था। मौसम विभाग ने शहर में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई है।
हालांकि, बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से खुले रहेंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उधर, ठाणे के जिलाधिकारी श्रीकृष्णनाथ पांचाल ने भी जिले की सभी आंगनवाड़ी, बालवाड़ी, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। वहीं नवी मुंबई नगर निगम (एनएमएमसी) ने भी लगातार बारिश को देखते हुए सोमवार को सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।
नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटिल और एनएमएमसी आयुक्त कैलास शिंदे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। मौसम विभाग ने क्षेत्र में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सभी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।
और पढ़ें: विश्व कप से बाहर होते ही नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा, ब्राज़ील के लिए खेला आखिरी मैच