लॉस एंजिलिस में न्यूज हेलीकॉप्टर आग की चपेट में आया, तीन लोगों की मौत
लॉस एंजिलिस के चैट्सवर्थ में एनबीसी4 न्यूज हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हुआ।
अमेरिका के लॉस एंजिलिस में एनबीसी4 के न्यूज हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। हादसा मंगलवार शाम चैट्सवर्थ इलाके में उस समय हुआ, जब हेलीकॉप्टर पास में हुई एक घातक मेट्रो बस दुर्घटना की कवरेज कर रहा था।
लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग के अनुसार, हेलीकॉप्टर शाम करीब सात बजे नॉर्थ मेसन एवेन्यू के 9100 ब्लॉक में दो व्यावसायिक इमारतों के बीच गिरा और उसमें आग लग गई। हादसे के बाद आग पास खड़ी कम से कम चार कारों और दो स्टोरेज कंटेनरों तक फैल गई। दमकल की 50 से अधिक कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
एनबीसी4 की एंकर कोलीन विलियम्स ने हेलीकॉप्टर हादसे की पुष्टि की। बाद में चैनल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान न्यूजचॉपर4 था, जिसका संचालन एंजेल सिटी एयर कर रही थी।
और पढ़ें: मक्का के पास ड्रोन गिराने के कुछ घंटे बाद हूतियों का दावा, सऊदी एफ-15 लड़ाकू विमान मार गिराया
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों में से कम से कम एक व्यक्ति हेलीकॉप्टर के बाहर पार्किंग क्षेत्र में था। अन्य दो लोग जमीन पर थे या हेलीकॉप्टर में, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। एक घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया।
यह हादसा करीब दो घंटे पहले हुई एक अन्य दुर्घटना की कवरेज के दौरान हुआ। नॉर्डहॉफ स्ट्रीट और डी सोटो एवेन्यू के पास एक एसयूवी मेट्रो बस से टकरा गई थी, जिसमें दो लोगों की मौत और छह लोग घायल हुए थे।
हेलीकॉप्टर दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चला है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड और संघीय विमानन प्रशासन मामले की जांच करेंगे। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने दोनों हादसों में पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
और पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी यात्री से 1.88 करोड़ का सोना बरामद, अंडरगारमेंट में छिपाया था