नेपाल चुनाव 2026: बालेन शाह की आरएसपी का शानदार प्रदर्शन, 18 सीटें जीतीं और 99 पर बढ़त
नेपाल चुनाव 2026 में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी ने बड़ी बढ़त बनाई है। पार्टी 18 सीटें जीत चुकी है और 99 पर आगे है, जिससे दो-तिहाई बहुमत की संभावना बढ़ गई है।
नेपाल के संसदीय चुनाव 2026 में रैपर से नेता बने बालेन्द्र शाह (बालेन शाह) की पार्टी राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) ने शानदार प्रदर्शन किया है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार आरएसपी अब तक 18 सीटें जीत चुकी है और 99 सीटों पर आगे चल रही है। इस प्रदर्शन के साथ पार्टी 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।
ये चुनाव पिछले साल हुए जन-आंदोलन के बाद कराए गए हैं। 8 और 9 सितंबर 2025 को जनरेशन ज़ेड के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इन प्रदर्शनों में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और पुराने नेतृत्व को खत्म करने की मांग उठी थी। विरोध के दौरान पुलिस के साथ झड़पों में कम से कम 77 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर छात्र शामिल थे।
इन घटनाओं के बाद राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने 12 सितंबर को संसद भंग कर दी थी और पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया था।
और पढ़ें: नेपाल में 5 मार्च को आम चुनाव, भारत-नेपाल संबंधों पर पड़ सकता है बड़ा असर
इस बार चुनाव में करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ। लगभग 1.89 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले। कुल 3,400 उम्मीदवार 165 प्रत्यक्ष सीटों पर और 3,135 उम्मीदवार 110 आनुपातिक प्रतिनिधित्व सीटों के लिए मैदान में थे।
अब तक के रुझानों में आरएसपी ने पारंपरिक दलों को पीछे छोड़ दिया है। नेपाली कांग्रेस को 4 सीटें मिली हैं और 11 पर बढ़त है, जबकि सीपीएन-यूएमएल को 1 सीट मिली और 11 पर आगे है। वहीं नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी 2 सीटों पर जीत दर्ज कर 10 पर आगे चल रही है।
दिलचस्प बात यह है कि बालेन शाह अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से करीब 13,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। आरएसपी के उपाध्यक्ष दोल प्रसाद अर्याल ने दावा किया है कि पार्टी कुल 186 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सकती है।
और पढ़ें: रैपर से राजनीति तक: नेपाल में उभरते राजनीतिक सितारे बने बालेन शाह