नेपाल में हिंसा के बाद कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट
नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद कई जिलों में कर्फ्यू लगाया गया है। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन हालात नियंत्रित करने में जुटा है।
नेपाल में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है। भारत-नेपाल सीमा के पास हुई हिंसक घटना में एक व्यक्ति की मौत के बाद कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भारत से सटे नेपाली क्षेत्रों में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के सुनसरी जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हालात बिगड़ गए। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। सुनसरी जिले के सहायक मुख्य जिला अधिकारी चेतराज बराल ने बताया कि स्थिति को देखते हुए जिले में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगाया गया है।
हिंसा का असर नेपाल के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों में कई जगहों पर आगजनी, तोड़फोड़, पथराव और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं सामने आई हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए सेना और पुलिस बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
और पढ़ें: नेपाल ने सिक्के से हटाया विवादित नक्शा, क्या भारत से रिश्ते सुधारने की कोशिश?
बताया जा रहा है कि हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में प्रदर्शनकारी, स्थानीय नागरिक और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। उपद्रवियों ने कई स्थानों पर सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है। कई वाहनों और दुकानों में आग लगाए जाने की भी खबर सामने आई है।
नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने हिंसा पर चिंता जताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक और जातीय सौहार्द, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
वहीं, भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। बिहार से लगी सीमा के पास विशेष निगरानी रखी जा रही है। जोगबनी सीमा पर पहचान पत्र के बिना नेपाल प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम हिंसा को फैलने से रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
और पढ़ें: बांकीपुर और मांजलपुर उपचुनाव में हंगामा, भाजपा-जदयू कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के वीडियो आए सामने