×
 

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शांति रैली के दौरान आत्मघाती हमला, 7 लोगों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शांति रैली के दौरान आत्मघाती विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को एक शांत रैली के दौरान हुए आत्मघाती हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। इस हमले में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह विस्फोट स्वात जिले के कबाल कस्बे में पुलिस स्टेशन के पास आयोजित स्वात पीस रैली के दौरान हुआ।

बताया जा रहा है कि आत्मघाती हमलावर ने भीड़ के बीच पहुंचकर अपने विस्फोटक जैकेट में धमाका कर दिया। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

स्वात के पुलिस उप महानिरीक्षक फिदा हुसैन ने बताया कि हमले में सात लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। वहीं, 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर पुलिस स्टेशन में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मुख्य गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। इसके बाद उसने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

और पढ़ें: पाकिस्तान के बल्लेबाज अब्दुल्ला फजल चोट के कारण वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से बाहर

स्वात अमन जिरगा (स्थानीय जनजातीय परिषद) की ओर से इस शांति रैली का आयोजन किया गया था। रैली में शामिल लोग क्षेत्र में बढ़ते आतंकी हमलों और हिंसा के खिलाफ शांति की मांग कर रहे थे।

अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का हाथ हो सकता है। टीटीपी लंबे समय से खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाता रहा है।

पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी गतिविधियों के कारण अब तक बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी और आम नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। टीटीपी के मुद्दे को लेकर पाकिस्तान और पड़ोसी देश अफगानिस्तान के बीच भी तनाव बढ़ा हुआ है।

पाकिस्तान अफगानिस्तान पर टीटीपी आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि अफगान तालिबान सरकार इन आरोपों से इनकार करती है। दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद अफगानिस्तान ने बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है।

और पढ़ें: बलूचिस्तान फिर चर्चा में, क्या है इसका इतिहास और पाकिस्तान के लिए क्यों है अहम?

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share