भारत से घबराया पाकिस्तान? पीएम मोदी को हटाकर एससीओ की ग्रुप फोटो शेयर करने पर पाक पीएमओ घिरा
बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा साझा ग्रुप फोटो में पीएम मोदी समेत कई नेताओं को हटाने पर सोशल मीडिया में उठे सवाल।
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय की ओर से साझा की गई एक तस्वीर चर्चा का विषय बन गई। आरोप है कि पाकिस्तान प्रधानमंत्री कार्यालय ने सम्मेलन की ग्रुप फोटो को क्रॉप करके भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य नेताओं को तस्वीर से बाहर कर दिया।
शहबाज शरीफ के कार्यालय ने एक सितंबर 2026 को सोशल मीडिया मंच पर तस्वीर साझा की। पोस्ट में बताया गया कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री एससीओ परिषद के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में अन्य देशों के नेताओं के साथ ग्रुप फोटो में शामिल हुए। हालांकि, तस्वीर में नरेंद्र मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं के दिखाई नहीं देने पर सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान पीएमओ पर सवाल उठाए।
क्रॉप की गई तस्वीर में सम्मेलन की पृष्ठभूमि में मौजूद एससीओ शिखर सम्मेलन 2026 का लोगो भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद कई यूजर्स ने पूरी और क्रॉप की गई तस्वीरें साझा कर दोनों के बीच अंतर दिखाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा की गई मूल तस्वीर में सभी नेता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर में शहबाज शरीफ दाईं ओर से चौथे स्थान पर खड़े नजर आते हैं। इससे दोनों तस्वीरों के बीच अंतर साफ हो गया।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि पाकिस्तान पीएमओ ने जानबूझकर तस्वीर को इस तरह क्रॉप किया ताकि प्रधानमंत्री मोदी दिखाई न दें। कुछ लोगों ने इसे शहबाज शरीफ को सम्मेलन में अधिक प्रमुख दिखाने की कोशिश बताया।
एससीओ सम्मेलन में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान समेत संगठन के सदस्य देशों के नेता शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ बिना किसी दोहरे मानदंड के एकजुट कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
और पढ़ें: पाकिस्तान के इस्लामाबाद अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजात बच्चों की मौत; एसी कंप्रेसर फटने से हादसा