भारत भरोसेमंद वैश्विक रक्षा साझेदार के रूप में उभर रहा है: मन की बात में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में कारगिल विजय दिवस, रक्षा आत्मनिर्भरता, खिलाड़ियों की उपलब्धियों, विक्रम-1 रॉकेट और भारत की वैश्विक भूमिका पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कारगिल विजय दिवस, भारत की रक्षा क्षमता, खेल उपलब्धियों, अंतरिक्ष क्षेत्र और देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व का अवसर है और देश के सैनिकों के अदम्य साहस तथा बलिदान की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष कारगिल विजय दिवस पर विशेष ‘शौर्य विजय यात्रा’ आयोजित की गई है। यह मोटरसाइकिल यात्रा 14 जुलाई को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से शुरू हुई और द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक तक पहुंचेगी। इसका संदेश है- ‘एक सवारी, एक राष्ट्र, एक सलाम।’
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में गिरकर 6 वर्षीय बच्चे की मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि देश अब एक भरोसेमंद वैश्विक रक्षा साझेदार के रूप में उभर रहा है। उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल किए गए स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस महेंद्रगिरि का उल्लेख किया और कहा कि इसमें 75 प्रतिशत से अधिक सामग्री भारत में निर्मित है।
उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल के सफल परीक्षण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और मित्र देशों के साथ सहयोग के क्षेत्र में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को जापान ओपन खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनने पर बधाई दी। साथ ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लॉर्ड्स, लंदन में पहली टेस्ट जीत को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत के पहले रॉकेट विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण को देश के लिए गर्व का क्षण बताया। इसके अलावा उन्होंने विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की शानदार सफलता और कश्मीर की पारंपरिक वागू चटाई कला को पुनर्जीवित करने के प्रयासों की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के लाखीवाला गांव की महिलाओं के स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल चाय’ की भी प्रशंसा की और कहा कि स्थानीय ज्ञान, प्रकृति और महिलाओं के आत्मविश्वास से बड़े बदलाव संभव हैं।
और पढ़ें: सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके का नया वीडियो संदेश, बोले- यह तो सिर्फ शुरुआत है