राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक टक्कर के बाद आग; सात की मौत, 15 घायल
राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर के बाद बस में आग लग गई। हादसे में सात लोगों की मौत हुई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के द्वारपुरा गांव के पास उस समय हुआ, जब हरिद्वार से इंदौर जा रही एक यात्री बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
पुलिस के अनुसार, बस में कुल 39 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। आग लगने से कई यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और चिकित्सा टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्काल बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि आग में झुलसने से पांच लोगों की मौत हुई, जबकि दो अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि बस उत्तराखंड के ऋषिकेश से मध्य प्रदेश के इंदौर जा रही थी और इसका संचालन हंस ट्रेवल्स द्वारा किया जा रहा था।
घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जिससे एंबुलेंस बिना किसी बाधा के सीधे दौसा जिला अस्पताल पहुंच सकीं। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा और पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 27 जून को राजस्थान के कोटपूतली में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक दूध का टैंकर पलट गया था, जिससे हजारों लीटर दूध सड़क पर बह गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग दूध इकट्ठा करने पहुंच गए थे।
और पढ़ें: अमेरिका में जन्मजात नागरिकता पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, ट्रंप का आदेश खारिज