×
 

गाज़ा पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर देने का वादा, ट्रंप ने की घोषणा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बोर्ड ऑफ पीस के सदस्य गाज़ा के पुनर्निर्माण के लिए 5 अरब डॉलर देंगे। 19 फरवरी 2026 को औपचारिक घोषणा होगी।

79 वर्षीय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि बोर्ड ऑफ पीस के सदस्यों ने युद्धग्रस्त गाज़ा के पुनर्निर्माण और मानवीय सहायता के लिए 5 अरब अमेरिकी डॉलर देने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि यह संस्था इतिहास की सबसे प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय निकाय साबित होगी और इसके अध्यक्ष के रूप में सेवा करना उनके लिए सम्मान की बात है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि बोर्ड ऑफ पीस की स्थापना पिछले वर्ष अक्टूबर में गाज़ा संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई थी, जिसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से अपनाया। उन्होंने कहा कि इस पहल में ‘असीमित संभावनाएं’ हैं और इसके गठन के बाद रिकॉर्ड गति से मानवीय सहायता पहुंचाई गई।

ट्रंप ने बताया कि पिछले महीने स्विट्जरलैंड के दावोस में दो दर्जन संस्थापक सदस्य एकत्र हुए और गाज़ा के नागरिकों के लिए एक व्यापक दृष्टि प्रस्तुत की। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमास को पूर्ण और तत्काल निरस्त्रीकरण की अपनी प्रतिबद्धता निभानी होगी।

और पढ़ें: ट्रंप–नेतन्याहू की बैठक: ईरान के चीन को तेल निर्यात घटाने पर अमेरिका बढ़ाएगा दबाव

ट्रंप ने कहा कि 19 फरवरी 2026 को वाशिंगटन डीसी स्थित डोनाल्ड जे. ट्रंप इंस्टीट्यूट ऑफ पीस में बोर्ड ऑफ पीस के सदस्य फिर से मिलेंगे, जहां सदस्य देशों द्वारा 5 अरब डॉलर से अधिक की प्रतिज्ञा की औपचारिक घोषणा की जाएगी। साथ ही, हजारों कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल और स्थानीय पुलिस में तैनात करने की भी प्रतिबद्धता जताई गई है।

बोर्ड ऑफ पीस गाज़ा में इज़राइल और गाज़ा के बीच दो वर्षों से जारी युद्ध को समाप्त करने का प्रयास कर रहा है।

और पढ़ें: अमेरिका-ताइवान व्यापार समझौता: 99% टैरिफ बाधाएं हटेंगी, सेमीकंडक्टर निवेश बढ़ेगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share