ईरान समझौते को बेताब, युद्ध जल्द खत्म होगा: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान समझौते के लिए बेताब है और युद्ध जल्द खत्म होगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल कीमतों में भारी गिरावट आएगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान समझौता करने के लिए बेहद उत्सुक है और मौजूदा युद्ध बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा। एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि वैश्विक बाजार में तेल की अधिक आपूर्ति होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिलेगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “दुनिया में तेल की इतनी अधिक उपलब्धता है कि इसकी कीमतें तेजी से नीचे आएंगी। हम इस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म कर देंगे। ईरान समझौता करने के लिए पुरी तरह तैयार है।” ट्रंप ने यह भी दोहराया कि आने वाले समय में तेल बाजार में बड़ी गिरावट देखी जा सकती है।
इसी बीच अमेरिकी सीनेट ने एक प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रपति की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने की शक्तियों को सीमित करना है। सीनेट में यह प्रस्ताव 50-47 मतों से पारित हुआ। चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का समर्थन किया।
और पढ़ें: ईरान के साथ युद्धविराम लाइफ सपोर्ट पर, अमेरिका को चाहिए पूरी जीत: डोनाल्ड ट्रंप
डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बिना औपचारिक युद्ध घोषणा या विशेष सैन्य अनुमति के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई नहीं कर सकते। रिपब्लिकन सांसद सुसान कॉलिन्स, लिसा मर्कोव्स्की, रैंड पॉल और बिल कैसिडी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
डेमोक्रेटिक सांसद एडम शिफ ने इसे “असंवैधानिक युद्ध” के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने कहा कि अमेरिकी जनता अब लंबे युद्धों पर अरबों डॉलर खर्च नहीं करना चाहती और देश की आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना जरूरी है।
इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी है। डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया कि कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के अनुरोध पर ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला फिलहाल टाल दिया गया है।
ट्रंप ने कहा कि यदि वार्ता विफल होती है, तो उन्होंने अमेरिकी सेना को बड़े पैमाने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
और पढ़ें: ट्रंप प्रशासन ने उद्योगों को दी बड़ी राहत, सरकारी जमीनों पर ड्रिलिंग और खनन बढ़ाने की तैयारी