×
 

जयशंकर के अमेरिका पहुंचते ही पीएम मोदी से फोन पर बोले डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत की। यह वार्ता जयशंकर की अमेरिका यात्रा और गाजा संकट पर वैश्विक पहल के बीच हुई।

भारत-अमेरिका संबंधों में टैरिफ सहित कई मुद्दों पर तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (2 फरवरी 2026) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत की। इसकी जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने दी। इस घोषणा से कुछ समय पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट की एक तस्वीर साझा करते हुए उसे “भारत का सुंदर विजय द्वार” बताया था।

यह टेलीफोन वार्ता ऐसे समय में हुई है, जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर 2 से 4 फरवरी तक अमेरिका यात्रा पर हैं। जयशंकर इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा आयोजित ‘क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल’ बैठक में भाग लेंगे। इस यात्रा को भारत-अमेरिका रणनीतिक और आर्थिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच यह बातचीत उस समय हुई है, जब हाल ही में ट्रंप ने गाजा पट्टी में जारी संकट को समाप्त करने के उद्देश्य से वैश्विक नेताओं को शामिल करते हुए एक ‘बोर्ड ऑफ पीस’ का गठन किया था। यह दोनों नेताओं के बीच पहली बातचीत है, जब से इस बोर्ड का गठन किया गया है।

और पढ़ें: हम पहले ही समझौता कर चुके हैं: ट्रंप का दावा—ईरान के बजाय वेनेजुएला से तेल खरीदेगा भारत

हालांकि, भारत ने अब तक ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में अपनी भागीदारी को लेकर स्पष्ट रुख नहीं अपनाया है। गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को 22 जनवरी को दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) के इतर आयोजित इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने का आमंत्रण दिया था, लेकिन भारत ने इस पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इस बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 31 जनवरी को आयोजित दूसरे भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक में कहा था कि गाजा पट्टी में संघर्ष को समाप्त करना पूरी दुनिया की “साझी प्राथमिकता” है। ऐसे में ट्रंप-मोदी वार्ता और जयशंकर की अमेरिका यात्रा को पश्चिम एशिया संकट, वैश्विक कूटनीति और भारत-अमेरिका रिश्तों के व्यापक संदर्भ में देखा जा रहा है।

और पढ़ें: रूबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को बताया ऐतिहासिक, वॉशिंगटन ने गणतंत्र दिवस पर दी शुभकामनाएं

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share