काला सागर में तेल टैंकर पर यूक्रेनी ड्रोन हमला, 23 भारतीय चालक दल सुरक्षित
काला सागर में यूक्रेनी ड्रोन हमले के बाद रूसी तट के पास तेल टैंकर में भीषण आग लग गई। टैंकर में सवार सभी 23 भारतीय चालक दल सुरक्षित बचाए गए।
रूस के दक्षिणी तट के पास मंगलवार को काला सागर में एक तेल टैंकर में भीषण आग लग गई। रिपोर्ट के अनुसार, लाइबेरिया के झंडे वाले इस टैंकर को यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोन ने निशाना बनाया। हमले के बाद टैंकर से उठता घना काला धुआं रूस के लोकप्रिय समुद्री शहर सोची के आसपास के इलाकों में दिखाई दिया।
रूस के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक, टैंकर पर काला सागर में हमला हुआ और उसके बाद कच्चा तेल पानी में जलने लगा। आग इतनी तेज थी कि शुरुआत में दमकलकर्मियों के लिए जहाज के पास पहुंचना मुश्किल था। हालांकि, टैंकर में मौजूद सभी 23 चालक दल के सदस्य भारतीय नागरिक थे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सोची से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में समुद्र के बीच आग की लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दिखाई दिया। एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने समुद्र तटों और तटीय इलाकों में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।
और पढ़ें: यूक्रेन में भारतीय कंपनी के फार्मा प्लांट पर रूसी ड्रोन हमला, एक की मौत; कई घायल
रूस की स्थानीय प्रशासन को सलाह
सिरियस संघीय क्षेत्र के प्रमुख दिमित्री प्लिश्किन ने टैंकर में आग लगने की पुष्टि करते हुए स्थानीय समुद्र तटों को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है और पानी तथा हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है। रूस की मौसम विज्ञान सेवा के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब रूस और यूक्रेन काला सागर क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे और वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं। रूस ने हाल में यूक्रेनी माल ले जाने वाले अनाज जहाजों पर हमले किए हैं, जबकि यूक्रेन रूसी तेल प्रतिष्ठानों पर हमलों को रूस के हमलों की जवाबी कार्रवाई बता रहा है।
अलग घटना में जहाज पर रूसी ड्रोन हमला
एक अन्य घटना में रूसी ड्रोन हमले के बाद तुर्की के स्वामित्व वाले एक नागरिक मालवाहक जहाज में आग लग गई। इसमें कम से कम दो लोगों की मौत हुई और कई चालक दल सदस्य घायल हुए। रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि चालक दल में तीन भारतीय नागरिक थे, जिनमें से एक घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
दूतावास ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा तथा स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
और पढ़ें: जेलेंस्की ने पुतिन को बताया पेशेंट जीरो, कहा- युद्ध ने दुनिया को बनाया ज्यादा खतरनाक