×
 

ईरान युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई के लिए जब्त संपत्तियों का इस्तेमाल कर सकता है अमेरिका

अमेरिका खाड़ी देशों को ईरान युद्ध से हुए नुकसान की भरपाई के लिए जब्त ईरानी संपत्तियों के उपयोग पर विचार कर रहा है। इस बीच दोनों देशों के बीच तनाव और वार्ता जारी है।

ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच अमेरिका अपने खाड़ी सहयोगी देशों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए ईरान की जब्त संपत्तियों और फ्रीज किए गए वित्तीय संसाधनों का उपयोग करने की योजना पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वित्त विभाग ने इस दिशा में संभावित विकल्पों का अध्ययन शुरू कर दिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अमेरिका के खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों से युद्ध के कारण हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा प्राप्त करें। इस रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए किन संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका ईरान के फ्रीज बैंक खातों का उपयोग करेगा या फिर तेल टैंकरों और अन्य भौतिक संपत्तियों को इस उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी प्रशासन विभिन्न कानूनी और वित्तीय विकल्पों का विश्लेषण कर रहा है। इसके अलावा अन्य देशों द्वारा फ्रीज की गई ईरानी संपत्तियों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है।

और पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी रडार और ड्रोन ठिकानों पर किया हमला, कहा- आत्मरक्षा में उठाया कदम

यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब ईरानी सेना ने हाल ही में बहरीन और कुवैत की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, शनिवार को दागी गई सात मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोककर नष्ट कर दिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

इसके जवाब में अमेरिका ने क़ेश्म द्वीप और होर्मुज़ जलडमरूमध्य के आसपास स्थित ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। तेहरान ने इसे युद्धविराम का उल्लंघन बताया, जबकि अमेरिका ने कहा कि उसे आगे के हमलों से अपनी सुरक्षा का अधिकार है।

तनाव के बावजूद दोनों देशों के बीच शांति वार्ता जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस संघर्ष का समाधान निकल सकता है, हालांकि अभी तक दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके हैं।

और पढ़ें: ईरान का अमेरिका को कड़ा संदेश, कुवैत स्थित अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल हमला; इज़राइल-हिज्बुल्लाह संघर्ष भी तेज

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share