अमेरिका ने एक महीने बाद ईरान पर फिर किया हमला, तेहरान ने मिसाइलों से दिया जवाब
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी लॉन्चरों पर हमला किया। जवाब में ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाकर तनाव बढ़ा दिया।
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर सैन्य तनाव बढ़ गया है। रविवार को अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित लारक द्वीप पर ईरान के दो रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया। यह करीब एक महीने में ईरान के खिलाफ अमेरिका की पहली सैन्य कार्रवाई है। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता नौसेना कैप्टन टिम हॉकिन्स ने बताया कि ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। अमेरिकी सेना के मुताबिक, ईरानी बल ऐसे रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे, जिनमें समुद्री बारूदी सुरंगें लगाई गई थीं। अमेरिका ने कहा कि हमला इन सुरंगों को होर्मुज जलडमरूमध्य में बिछाए जाने से रोकने के लिए किया गया।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने दावा किया कि अमेरिकी हमले में लोग हताहत हुए हैं। इसके बाद ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इनमें किंग हुसैन और अल-अज्राक हवाई अड्डों पर तकनीकी ढांचे, रखरखाव सुविधाएं और अमेरिकी लड़ाकू विमानों की स्थिति शामिल थी। ईरान ने हमलों में भारी नुकसान का दावा किया।
और पढ़ें: ट्रंप का दावा- होर्मुज जलडमरूमध्य से सभी बारूदी सुरंगें हटाई गईं, ईरान को दी नई चेतावनी
होर्मुज जलडमरूमध्य लंबे समय से इस संघर्ष का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ईरान द्वारा जलमार्ग को प्रभावी रूप से बंद किए जाने से तेल, ऊर्जा और उर्वरक की कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
इस बीच, ताजा हमलों की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें भी बढ़ीं। ब्रेंट क्रूड 90.31 डॉलर प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 85.41 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन ईरान पर सैन्य कार्रवाई के साथ आर्थिक दबाव भी बढ़ा रहा है। हालांकि पाकिस्तान और कतर समेत कई मध्यस्थों के प्रयास जारी हैं, लेकिन अप्रैल में हुए युद्धविराम और जून में अंतिम शांति समझौते की दिशा में हुए समझौता ज्ञापन के बावजूद अब तक स्थायी शांति समझौता नहीं हो सका है।
अमेरिकी सीनेटर जैक रीड ने ट्रंप प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि छह महीने बाद भी युद्ध से कोई घोषित उद्देश्य हासिल नहीं हुआ है।
और पढ़ें: अमेरिकी प्रतिबंधों से निपटने के लिए ईरान ने बनाया दो वर्षीय योजना