शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ 12 एफआईआर, गिरफ्तार आरोपियों से हैंड ग्रेनेड बरामद
शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ 12 एफआईआर दर्ज हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों से हैंड ग्रेनेड और अन्य हथियार बरामद हुए। केंद्र ने एसबीएन को आतंकवादी संगठन घोषित किया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अनुसार, पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) के खिलाफ अब तक 12 एफआईआर दर्ज की गई हैं और इन मामलों में 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से हैंड ग्रेनेड, विदेशी हथियारों की खेप और पेट्रोल बम बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने की कोशिश कर रही है। नेटवर्क में शहजाद भट्टी के अलावा पाकिस्तान के अपराधियों दाऊद इब्राहिम, मुन्ना झिंगारा और अजमल गुर्जर के नामों का इस्तेमाल युवाओं को प्रभावित करने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
अधिकारियों के अनुसार, युवाओं को आसान पैसा, हथियार और विदेश में बसने जैसे लालच देकर ऑनलाइन संपर्क में लिया जाता है। नेटवर्क पारंपरिक आतंकी संगठनों के सदस्यों के बजाय स्थानीय अपराधियों और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता है। इनसे रेकी, हथियार पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर हमलों जैसे काम कराए जाने की आशंका सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बन रही है।
और पढ़ें: गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकी संगठन घोषित किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को बताया कि केंद्र सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय की राजपत्र अधिसूचना में यूएपीए की धारा 35(1)(ए) के तहत एसबीएन को अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल किया गया है। यह सूची भारत में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों को दर्ज करती है और एसबीएन इसमें 46वां संगठन है।
अधिसूचना के अनुसार, नेटवर्क पर सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी तथा युवाओं और स्थानीय अपराधियों को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने के आरोप हैं। संगठन पर लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सौहार्द और देश की आंतरिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों ने हाल में 14 राज्यों में कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, कारतूस और निगरानी के लिए इस्तेमाल किए गए सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए।