ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए 24 कंपनियों का प्रस्ताव, 5,500 करोड़ रुपये के निवेश की तैयारी
ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के लिए 24 कंपनियों ने 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। परियोजना से 18,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार अवसर बनने की उम्मीद है।
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। यह स्थल श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (साडा) में स्थित है। निरीक्षण के दौरान दूरसंचार विभाग के सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
सिंधिया ने बताया कि प्रस्तावित टीएमजेड में अब तक 24 कंपनियों ने करीब 5,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इस परियोजना से 18,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक औद्योगिक इकाई स्थापित करने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि ग्वालियर में टेलीकॉम विनिर्माण से जुड़ा पूरा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा।
परियोजना के पहले चरण के लिए करीब 170 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसमें 90 एकड़ से अधिक भूमि श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी क्षेत्र में और 70 एकड़ से अधिक जमीन आईटी पार्क में है।
और पढ़ें: वायरल रील के चक्कर में कार बनी किसिंग कार, 3,400 लिपस्टिक किस के बाद लगा 5,500 रुपये का चालान
जुलाई 2026 में केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के बीच टीएमजेड की स्थापना के लिए समझौता हुआ था। इसे भारत का पहला एकीकृत टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बताया गया है। इसका उद्देश्य दूरसंचार उपकरणों, इलेक्ट्रॉनिक्स, अनुसंधान एवं विकास और नई तकनीकों के निर्माण को बढ़ावा देना है।
सिंधिया के मुताबिक, यह परियोजना ग्वालियर को देश के प्रमुख टेलीकॉम विनिर्माण केंद्रों में विकसित करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद कर सकती है।