×
 

एआई बदलेगा बैंकिंग का पूरा ढांचा, ऑटोमेशन बढ़ने से नौकरियों पर मंडराया खतरा

एआई बैंकिंग क्षेत्र में दोहराए जाने वाले कामों को स्वचालित कर सकता है। इससे शाखाओं में कर्मचारियों की जरूरत घट सकती है, हालांकि नई तकनीकी भूमिकाओं के अवसर भी बढ़ेंगे।

भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते इस्तेमाल से कामकाज का तरीका तेजी से बदलने की संभावना है। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने हाल ही में बैंकों से एआई समेत आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की थी। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, जटिल प्रक्रियाओं को आसान बनाने, धोखाधड़ी का तुरंत पता लगाने और ग्राहकों को व्यक्तिगत सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़ा है।

हालांकि, बिज2क्रेडिट और बिज2एक्स के सीईओ एवं सह-संस्थापक रोहित अरोड़ा का मानना है कि एआई के बढ़ते इस्तेमाल से बैंकिंग क्षेत्र में कई नौकरियों पर असर पड़ सकता है। उनका कहना है कि बैंकिंग में बड़ी संख्या में ऐसे काम होते हैं जो संरचित और बार-बार दोहराए जाते हैं, जिन्हें एआई आसानी से स्वचालित कर सकता है।

अरोड़ा के मुताबिक, ग्राहक सेवाओं के डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई आधारित प्रणालियों पर जाने से बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की संख्या कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में छोटी शाखाएं और कम स्टाफ वाली शाखाएं बढ़ सकती हैं तथा कुछ कर्मचारियों की छंटनी भी संभव है।

और पढ़ें: एआई आपकी नौकरी नहीं छीनेगा, लेकिन एआई का इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति आपकी जगह ले सकता है: विशेषज्ञ

हालांकि, एआई पूरी तरह इंसानों की जगह लेगा, ऐसा फिलहाल नहीं माना जा रहा है। इसके बजाय कर्मचारियों के काम का एक हिस्सा स्वचालित होने की संभावना है। साथ ही प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और तकनीकी विशेषज्ञों जैसी नई भूमिकाओं के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

अरोड़ा ने कहा कि एआई ऋण प्रक्रिया को काफी तेज और आसान बना सकता है, लेकिन मानवीय भूमिका पूरी तरह समाप्त नहीं होगी। इससे लागत कम होने का लाभ ग्राहकों तक पहुंच सकता है, हालांकि इसकी कोई गारंटी नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि कारोबार को ऋण देने में पारंपरिक क्रेडिट स्कोर की भूमिका बदल सकती है। बैंक स्टेटमेंट और वित्तीय विवरणों से नकदी प्रवाह का विश्लेषण कर एआई अधिक सटीक आकलन करने में मदद कर सकता है।

और पढ़ें: लोकसभा से UPI पर चार्ज लगाने का रास्ता साफ, जानें नए कानून का यूजर्स, व्यापारियों और बैंकों पर असर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share