×
 

बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव में भाजपा का खाता खुला, सोनिया वैष्णव निर्विरोध निर्वाचित

बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव में मतदान से पहले भाजपा ने पहली जीत दर्ज की। वार्ड 12 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापसी से सोनिया वैष्णव निर्विरोध चुनी गईं।

राजस्थान के बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव में मतदान से पहले ही भारतीय जनता पार्टी के खाते में पहली जीत दर्ज हो गई है। वार्ड संख्या 12 से भाजपा प्रत्याशी सोनिया वैष्णव निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी रेखा कंसारा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद वार्ड में सोनिया वैष्णव के सामने कोई अन्य उम्मीदवार नहीं बचा और उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया।

जीत की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने गली-गली विजय जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी जताई। इस दौरान सोनिया वैष्णव भी समर्थकों के साथ जश्न मनाती नजर आईं। उन्होंने वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है।

कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन लिया वापस

वार्ड नंबर 12 से कांग्रेस की उम्मीदवार रेखा कंसारा के नाम वापस लेने के बाद भाजपा की सोनिया वैष्णव की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया। वहीं, वार्ड नंबर 52 से भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के उम्मीदवार मोहम्मद इरफान खान ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया।

और पढ़ें: क्या गृह मंत्री या पीएमओ कार्रवाई करेगा? अभिषेक बनर्जी का बीजेपी पर टीएमसी कार्यालय पर हमले का आरोप

60 वार्डों में 185 उम्मीदवार मैदान में

बांसवाड़ा नगर परिषद में कुल 60 वार्डों के लिए चुनाव होना है। गुरुवार, 3 सितंबर को नामांकन वापसी की अंतिम तारीख थी। इस दिन 25 उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए, जबकि बुधवार को दो उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया था। इस तरह कुल 27 नामांकन वापस लिए गए और अब 60 वार्डों में 185 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पार्टीवार स्थिति की बात करें तो भाजपा और कांग्रेस ने 59-59 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं। भारत आदिवासी पार्टी के 19, आम आदमी पार्टी के चार और 44 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

9 सितंबर को होगा मतदान

बांसवाड़ा नगर परिषद के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। कुल 60 वार्डों में 94,058 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

और पढ़ें: बंगाल निकाय चुनाव में अकेले उतरने के संकेत, बीजेपी ने एनसीपीआई के साथ गठबंधन की संभावना को किया दरकिनार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share