बीड बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा, चलती बस के नीचे दबकर यात्री की मौत; CCTV वीडियो वायरल
महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई बस स्टैंड पर चलती बस में चढ़ने की कोशिश में बालाजी देवकते की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
महाराष्ट्र के बीड जिले में बस में सीट पाने की जल्दबाजी एक यात्री की जान पर भारी पड़ गई। अंबाजोगाई बस स्टैंड पर हुए इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की चलती बस के नीचे आने से मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 25 जून को दोपहर करीब 1:45 बजे हुआ। उस समय महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की एक बस अंबाजोगाई बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। बस में सीट पाने की होड़ के चलते कई यात्री बस के पीछे दौड़ पड़े। इसी दौरान दौड़ रहे एक यात्री की दूसरे व्यक्ति से टक्कर हो गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चलती बस के पिछले पहिए के नीचे गिर पड़ा।
हादसे में उसका हाथ बस के पहिए के नीचे आ गया और गिरने के कारण सिर में भी गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान बालाजी देवकते के रूप में हुई है, जो ढालेगांव, तहसील अहमदपुर, जिला लातूर के निवासी थे।
और पढ़ें: डीएमके गठबंधन से अलग हुई एमडीएमके, वाइको बोले- वैचारिक मतभेदों के चलते लिया बड़ा फैसला
घटना के संबंध में अंबाजोगाई आगार के प्रमुख राऊत ने बताया कि यात्री बस में चढ़ने के लिए दौड़ रहा था, तभी वह अचानक गिर गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय यात्री को हृदयाघात (हार्ट अटैक) आने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रहे हैं। यह हादसा सार्वजनिक परिवहन में जल्दबाजी और लापरवाही से होने वाले खतरों की गंभीर चेतावनी भी है।
और पढ़ें: रबर की नाव से दक्षिण कोरिया पहुंचे चीनी असंतुष्ट डोंग गुआंगपिंग, अब कनाडा पहुंचे