बिहार के बख्तियारपुर में भीषण आग, छह महीने की बच्ची समेत तीन की जिंदा जलकर मौत
बिहार के बख्तियारपुर में बाइक पार्ट्स की दुकान और घर में भीषण आग लगने से सास, बहू और छह महीने की बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई।
बिहार के बख्तियारपुर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुरानी बाइपास इलाके में बाइक पार्ट्स की दुकान और उससे सटे मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त समय नहीं मिल सका। इस हादसे में सास, बहू और छह महीने की बच्ची समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
यह घटना बिहार की राजधानी पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर बख्तियारपुर में हुई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय रीमा देवी, उनकी 70 वर्षीय सास गीता देवी और छह महीने की बच्ची सुंदरी कुमारी के रूप में हुई है। रीमा देवी बाइक पार्ट्स की दुकान के मालिक पंकज कुमार की पत्नी थीं, जबकि गीता देवी पंकज की मां थीं। छह महीने की सुंदरी कुमारी को पंकज कुमार की भतीजी बताया गया है।
और पढ़ें: मुंबई की हाईराइज इमारत में भीषण आग, मासूम बच्चे समेत दो की मौत
हादसे के दौरान बच्ची के माता-पिता किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। बच्ची की मां मोनी कुमारी और पिता शिवम कुमार नवादा के हिसुआ के रहने वाले बताए गए हैं। आग तेजी से फैलने के बाद दोनों मकान की छत पर पहुंचे और वहां से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मोनी कुमारी के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग ने कुछ ही समय में दुकान और मकान को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाइक पार्ट्स की दुकान और घर में आग किस वजह से लगी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार के लोगों के साथ स्थानीय निवासी भी सदमे में हैं।
और पढ़ें: भारत-श्रीलंका दूसरा टेस्ट: भारत के दो विकेट गिरे, देवदत्त पडिक्कल पर बड़ी जिम्मेदारी