मुंबई की हाईराइज इमारत में भीषण आग, मासूम बच्चे समेत दो की मौत
मुंबई के विले पार्ले में हाईराइज इमारत की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लगने से ढाई साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए।
मुंबई के विले पार्ले पश्चिम स्थित बैपटिस्टा रोड की एक हाईराइज इमारत में मंगलवार रात 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग के दौरान इमारत की 11वीं मंजिल पर कई लोग फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया गया कि करीब 15 लोग इमारत की छत पर फंसे हुए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित बचा लिया गया।
नानावती अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुग्धा के अनुसार, हादसे में छह लोग घायल हुए थे। इनमें से दो को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान ढाई वर्षीय अबीर और 23 वर्षीय अंकिता के रूप में हुई है।
और पढ़ें: भायखला पुलिस स्टेशन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू
घायलों में 32 वर्षीय पार्थ, 64 वर्षीय हिरेन, यशस्वी और अभिषेक शामिल हैं। अस्पताल के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दमकल अधिकारी वी. भोसले ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन जारी है। आग लगने के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस बीच, नोएडा के ममूरा गांव में भी इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग के कारण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया है।
और पढ़ें: दिल्ली के लोधी कॉलोनी में घर में भीषण आग, मां और दो बेटियों की मौत; इलाके में मचा हड़कंप