×
 

राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर घुसा काला कोबरा, VIP डोम में मची अफरातफरी

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान काला कोबरा वीआईपी डोम में घुस गया। स्नेक कैचर ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

मध्य प्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के बीच शुक्रवार को अफरातफरी मच गई। कार्यक्रम स्थल पर एक काला कोबरा दिखाई दिया। सांप उस वीआईपी डोम में घुस गया, जिसे राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के लिए तैयार किया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों में जुटे मजदूरों ने डोम के पास सांप को देखा। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि काला कोबरा सीधे वीआईपी लाउंज में चला गया। इसी डोम में कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के ठहरने, आराम करने और तैयार होने की व्यवस्था की गई है।

स्नेक कैचर ने सुरक्षित बाहर निकाला

सांप के वीआईपी डोम में घुसने की जानकारी मिलते ही लोगों ने वहां से दूरी बना ली। कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे कर्मचारियों ने इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। इसके बाद कांग्रेस की ओर से स्नेक कैचर को बुलाया गया।

और पढ़ें: टीएमसी चुनाव चिन्ह विवाद पर भाजपा का पलटवार, सुधांशु त्रिवेदी बोले- राहुल पहले अपनी पार्टी का इतिहास देखें

स्नेक कैचर ने काफी सावधानी से काले कोबरा को पकड़ा और उसे सुरक्षित तरीके से डोम से बाहर निकाल दिया। घटना के बाद वीआईपी डोम और उसके आसपास सुरक्षा एवं सावधानी बढ़ा दी गई है, ताकि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान कोई परेशानी न हो।

छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस अभियान में प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

इस अभियान के तहत अब तक कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में चार कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इंदौर कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

और पढ़ें: टीएमसी के नाम और चुनाव चिन्ह पर रोक, राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर साधा निशाना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share