दिशा सालियान मामले में CBI ने दर्ज की FIR, बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर शुरू होगी जांच
बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर CBI ने दिशा सालियान मामले में FIR दर्ज की है। एजेंसी उनकी मौत की परिस्थितियों और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।
दिशा सालियान मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद दिशा सालियान की मौत के मामले में FIR दर्ज कर ली है। अब एजेंसी उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच करेगी।
दिशा सालियान अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून 2020 को मुंबई के बांद्रा इलाके में एक इमारत की छत से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे। दिशा की मौत को शुरुआत में Accidental Death Report (ADR) के तौर पर दर्ज किया गया था।
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI को FIR दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया था। न्यायमूर्ति भारती डांगरे और न्यायमूर्ति मंजुषा देशपांडे की खंडपीठ ने केवल ADR दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए थे। दिशा के परिवार ने उनकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई थी।
अदालत ने यह भी गौर किया था कि दिशा की मौत के करीब पांच साल बाद तक उनके परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और ADR की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई गई थीं।
अदालत के आदेश के बाद दिशा के पिता सतीश सालियान ने कहा था कि उन्होंने जांच अधिकारियों को अपनी बेटी की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने जांच के लिए कई लोगों के नाम भी बताए।
सतीश सालियान के मुताबिक, उन्होंने अधिकारियों को आदित्य, सूरज पंचोली, डीनो मोरिया और बॉडीगार्ड्स समेत कई लोगों के नाम बताए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उनकी ओर से दी गई जानकारी दर्ज की और जल्द कार्रवाई शुरू करने की बात कही थी।
CBI की जांच शुरू होने के बाद सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि सच को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन उसे हराया नहीं जा सकता। उन्होंने CBI जांच का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सुशांत के प्रशंसकों को भी उम्मीद मिली है।
और पढ़ें: पूरा मुंबई गंदगी से भरा है, हाई कोर्ट ने बीएमसी को लगाई फटकार; अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी