चेन्नई में बर्ड फ्लू का खतरा: सैकड़ों कौवे मृत मिले, सरकार ने जारी की एडवाइजरी
चेन्नई में H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सैकड़ों कौवे मृत मिले। सरकार ने निगरानी बढ़ाई, मृत पक्षियों को छूने से मना किया और सुरक्षित निपटान के सख्त निर्देश जारी किए।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में H5N1 बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में हाल ही में सैकड़ों कौवे मृत पाए गए, जिससे एवियन इन्फ्लूएंजा के फैलने की आशंका बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकार ने तुरंत सतर्कता बढ़ाते हुए कई सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग ने लोगों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि वे किसी भी मृत पक्षी को छूने या उठाने से बचें। यदि कहीं मृत कौवा या अन्य पक्षी दिखाई दे, तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी मृत पक्षियों को जैव सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जलाकर या जमीन में गहराई तक दफनाने का आदेश दिया गया है।
केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय ने चेन्नई के अड्यार इलाके से लिए गए नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद तमिलनाडु के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर व्यापक निगरानी और सर्वेक्षण के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने असामान्य रूप से पक्षियों की मौत की हर घटना की रिपोर्ट करने, पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ाने और वन एवं वन्यजीव विभाग को सतर्क रहने को कहा है।
और पढ़ें: नेपाल के बैतड़ी में बस खाई में गिरी, 13 की मौत और 30 से अधिक घायल
सरकार ने मृत पक्षियों को हाथों से छूने पर रोक लगाई है। निर्देशों के अनुसार, मृत पक्षियों को संभालने वाले कर्मियों को दस्ताने पहनने और साबुन से हाथ अच्छी तरह धोने की सलाह दी गई है। पशु चिकित्सकों को भी निर्देश दिया गया है कि वे मौके पर पोस्टमार्टम न करें और शवों को निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजें।
H5N1 वायरस एक अत्यधिक खतरनाक एवियन इन्फ्लूएंजा है, जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है और तेजी से फैलता है। हालांकि इंसानों में संक्रमण के मामले दुर्लभ हैं, लेकिन गंभीर हो सकते हैं। इसी कारण सरकार ने कड़ी निगरानी और सख्त एहतियाती उपाय लागू किए हैं।
और पढ़ें: जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत, रातभर चली तलाश के बाद मिला शव