×
 
☰

खटीमा में आदि रंगोत्सव का शुभारंभ, कलाकारों संग थिरके सीएम धामी और बजाया ढोल

खटीमा में तीन दिवसीय आदि रंगोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। उन्होंने जनजातीय कलाकारों के साथ नृत्य किया और ढोल बजाकर सांस्कृतिक उत्सव का उत्साह बढ़ाया।

उत्तराखंड के खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद रहे।

रंगोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक वेशभूषा के जरिए भारत की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री धामी भी कलाकारों के बीच पहुंचे। उन्होंने कलाकारों के साथ थिरककर उनका उत्साह बढ़ाया और खुद ढोल बजाकर कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि रंगोत्सव जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

और पढ़ें: एसआईआर के बाद उत्तराखंड में 8 लाख से ज्यादा मतदाता घटे, जानिए अब कितने वोटर बचे

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री धामी के साथ किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता की सराहना की। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं और भूस्खलन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मुख्यमंत्री धामी के काम की भी प्रशंसा की। उन्होंने थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समुदायों की संस्कृति को उत्तराखंड की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध केंद्रीय मंत्रियों से किया। रंगोत्सव में राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के जरिए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश भी दिया गया।

और पढ़ें: लंबे वीकेंड पर पहाड़ों में पर्यटकों की भारी भीड़, शिमला में 16 हजार से ज्यादा वाहन पहुंचे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share