मध्य प्रदेश: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को बनाया उम्मीदवार, भाजपा के आशुतोष तिवारी से होगा मुकाबला
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी से होगा। उपचुनाव राजेंद्र कुमार भारती की सदस्यता समाप्त होने से हो रहा है।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। 72 वर्षीय घनश्याम सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी से होगा। दतिया को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, ऐसे में यह चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर उनके समर्थकों ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इससे दतिया का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
घनश्याम सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और वे दतिया तथा सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्रों से विधायक रह चुके हैं। उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जूदेव भी भिंड-दतिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके थे। राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में लंबे समय से सक्रियता को देखते हुए कांग्रेस ने उन पर भरोसा जताया है।
और पढ़ें: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने डॉ. भूपेन हजारिका समन्वय तीर्थ पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में घनश्याम सिंह ने सेवढ़ा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के प्रदीप अग्रवाल से करीब दो हजार मतों के अंतर से हार गए थे। हालांकि, उन्हें विश्वास है कि इस बार दतिया उपचुनाव में जीत उनके पक्ष में होगी। उन्होंने वर्ष 2003 में दतिया विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
घनश्याम सिंह ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। साथ ही दतिया की राजनीति में व्याप्त प्रतिशोध और जातिवाद की प्रवृत्ति को समाप्त करने की दिशा में काम करेंगे।
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र कुमार भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण कराया जा रहा है। धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें तीन वर्ष की सजा सुनाई गई, जिसके चलते उनकी सदस्यता समाप्त हो गई। हालांकि, उन्हें मामले में जमानत मिल चुकी है। उल्लेखनीय है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र कुमार भारती ने भाजपा के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा को हराया था।
और पढ़ें: वियतनाम नाव हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन पर्यटकों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक