डबरा में तेज रफ्तार स्विफ्ट ने दो कारों को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा
ग्वालियर के डबरा में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने कार वॉशिंग सेंटर के बाहर खड़ी दो गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में चालक घायल और वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में ग्वालियर रोड स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के बाहर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने खड़ी दो गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया गया कि हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे।
पूरी घटना कार वॉशिंग सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई देता है कि स्विफ्ट कार काफी तेज रफ्तार से सेंटर की ओर आती है। कुछ दूरी पहले ही चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ता नजर आता है। इसके बाद कार बाहर खड़ी दो गाड़ियों से जोरदार टकरा जाती है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के दौरान कार धो रहे लोगों के इसकी चपेट में आने की आशंका थी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शी सत्येंद्र रावत ने बताया कि कार बहुत तेज गति में थी और उनकी किस्मत अच्छी थी कि वह हादसे में सुरक्षित बच गए।
और पढ़ें: चंडीगढ़ में थार ने कई बाइक सवारों को मारी टक्कर, हादसे का खौफनाक वीडियो कैमरे में कैद
शिकायतकर्ता अरविंद कुमार गुप्ता के मुताबिक, उनकी कार धुलाई केंद्र पर स्विफ्ट एमपी-07-एजी-8842 और स्विफ्ट डिजायर एमपी-07-जेडएम-3407 खड़ी थीं। इसी दौरान जवाहर कॉलोनी, डबरा निवासी पंकज शर्मा अपनी स्विफ्ट कार एमपी-07-सीसी-4888 को तेज और लापरवाही से चलाते हुए आया और दोनों वाहनों को टक्कर मार दी।
टक्कर से दोनों खड़ी कारों को भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा कार वॉशिंग सेंटर की लिफ्ट मशीन और वैक्यूम भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने पंकज शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि एक कार ने दो वाहनों को टक्कर मारी है। मामला दर्ज कर लिया गया है और घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
और पढ़ें: लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 5 घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा