दिल्ली के लोधी कॉलोनी में घर में भीषण आग, मां और दो बेटियों की मौत; इलाके में मचा हड़कंप
दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित बीके दत्त कॉलोनी में घर में लगी भीषण आग से मां और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।
राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह एक घर में लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। इस हादसे में एक महिला और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उनकी दोनों बेटियां शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 10 बजकर 21 मिनट पर मिली। यह घटना लोधी थाना क्षेत्र के बीके दत्त कॉलोनी में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 11 बजकर 10 मिनट पर आग पर काबू पा लिया।
हालांकि, आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि घर में मौजूद तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
और पढ़ें: दिल्ली के उद्योग भवन के पास मजदूर बस्ती में भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियों ने घंटों बाद पाया काबू
फतेह नगर में पार्किंग में लगी आग
इसी दिन दिल्ली के फतेह नगर इलाके में भी आग लगने की घटना सामने आई। यहां एक पार्किंग में लगी आग में चार वाहन जलकर राख हो गए। हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। दमकल विभाग ने आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक, फतेह नगर की पार्किंग में रखे दो एलपीजी सिलेंडर आग की चपेट में आ गए, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और आसपास खड़े कई वाहन आग की चपेट में आ गए। दमकल की नौ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
चंदन होला में कारखाने में लगी थी भीषण आग
इससे पहले 5 जुलाई को दिल्ली के चंदन होला इलाके में स्थित एक कारखाने में भीषण आग लगी थी। करीब 5,000 वर्ग गज में फैले इस कारखाने में लगी आग को बुझाने में दमकल विभाग को आठ घंटे से अधिक समय लगा था। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। इस घटना में कारखाने को भारी नुकसान पहुंचा था।