×
 

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर कड़ी सुरक्षा, पार्सल सेवाएं रहेंगी बंद

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 13 से 16 अगस्त तक सुरक्षा जांच सख्त रहेगी। पांच स्टेशनों पर पार्सल सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष परामर्श जारी करते हुए कहा है कि 13 से 16 अगस्त के बीच स्टेशनों पर सुरक्षा जांच सामान्य दिनों की तुलना में अधिक सख्त रहेगी। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन के निर्धारित समय से काफी पहले स्टेशन पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच में लगने वाले अतिरिक्त समय के कारण ट्रेन न छूटे।

उत्तर रेलवे के अनुसार, 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। प्रवेश द्वारों और जांच केंद्रों पर यात्रियों की अतिरिक्त जांच की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करने और उनके निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

इसके अलावा, पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग और हैंडलिंग सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। यह प्रतिबंध 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर लागू रहेगा।

और पढ़ें: दिल्ली में 15 अगस्त को बारिश के आसार, सुबह के समय हल्की फुहारों का अनुमान; जानें आईएमडी का पूर्वानुमान

प्रतिबंध के दायरे में पार्सल वैन, लीज पर लिए गए लगेज रैक और डिमांड पार्सल वैन जैसी सेवाएं शामिल हैं। इस अवधि में यात्री ट्रेनों में केवल अपना निजी सामान ले जा सकेंगे। हालांकि, पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग निर्धारित नियमों के तहत जारी रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों और पार्सल ग्राहकों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय इन प्रतिबंधों का ध्यान रखें। यात्रियों को अंतिम समय पर स्टेशन पहुंचने से बचना चाहिए और सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय रखना चाहिए। पार्सल भेजने या मंगाने वाले लोगों को भी वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

और पढ़ें: दिल्ली मेट्रो के पास पतंग उड़ाना हो सकता है जानलेवा, स्वतंत्रता दिवस से पहले डीएमआरसी की एडवाइजरी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share