×
 

दिल्ली में तेज रफ्तार वैगनआर पलटी, हादसे के दौरान कार का शीशा तोड़कर बाहर निकला युवक

दिल्ली के शक्तिनगर में तेज रफ्तार वैगनआर कार ई-रिक्शा से बचने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो युवकों को मामूली चोटें आईं, जांच जारी है।

दिल्ली के शक्तिनगर इलाके में तेज रफ्तार वैगनआर कार के पलटने का वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि हादसा शक्तिनगर गोल चक्कर के पास हुआ। घटना वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति के मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि वैगनआर काफी तेज रफ्तार में सड़क पर चल रही थी। कार ने पहले एक ई-रिक्शा को बाईं ओर से ओवरटेक किया। इसके बाद सामने आए एक अन्य ई-रिक्शा से बचने की कोशिश में चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया।

अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई और पलटने के बाद सड़क पर कई बार घूमती हुई दिखाई दी। हादसे के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक झटके के कारण पीछे के शीशे से बाहर की ओर निकल आया। टक्कर के बाद कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया और युवक वाहन के बाहर लटकता हुआ दिखाई दिया।

और पढ़ें: दिल्ली की धंसी सड़क में गिरा 28 वर्षीय युवक, बिजली के तार की चपेट में आने से मौत

गनीमत रही कि युवक सड़क या डिवाइडर से नहीं टकराया। हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक क्षतिग्रस्त वाहन से खुद बाहर निकल आए। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कुछ लोगों ने सड़क पर पड़ी कार को सीधा करने में मदद की।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में दोनों युवकों को मामूली चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, घटना की आधिकारिक पुष्टि और घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

और पढ़ें: दिल्ली के आईटीओ में सड़क हादसा, दो विधायकों समेत छह लोग घायल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share