×
 

दिल्ली के विवेक विहार में एलपीजी सिलेंडर में धमाका, पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलसे

दिल्ली के विवेक विहार में एलपीजी सिलेंडर फटने से पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच जारी है।

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एलपीजी सिलेंडर में अचानक धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया। घटना विवेक विहार थाने के पीछे स्थित झुग्गी नंबर-11 की बताई जा रही है। धमाका इतना अचानक हुआ कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।

जानकारी के अनुसार, झुग्गी में रखे छोटे एलपीजी सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में 35 वर्षीय अनिल दास और उनकी 30 वर्षीय पत्नी खुशबू गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पुलिस नियंत्रण कक्ष की मदद से तत्काल राजीव गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी करीब 60 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दो वाटर टेंडर और एक वॉटर बॉजर यूनिट को मौके पर भेजा। फिलहाल सिलेंडर में धमाका किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें: गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, मौके पर पहुंचीं 10 दमकल गाड़ियां

इस बीच, पश्चिमी दिल्ली में भी आग लगने की एक अन्य घटना सामने आई। राजधानी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार तड़के लकड़ी और प्लाईवुड के एक कारखाने में भीषण आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने आग बुझाने के लिए 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा।

असम टिंबर मार्केट स्थित लकड़ी के गोदाम में आग लगने की सूचना करीब सुबह तीन बजे मिली थी। शुरुआत में नौ दमकल गाड़ियों को भेजा गया, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त वाहन भी बुलाए गए। सुबह 3.24 बजे आग को भीषण घोषित किया गया। करीब साढ़े छह बजे आग पर काबू पाया जा सका। यह गोदाम करीब 2,000 वर्ग गज क्षेत्र में फैली इमारत के तहखाने में था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

और पढ़ें: बिहार के बख्तियारपुर में भीषण आग, छह महीने की बच्ची समेत तीन की जिंदा जलकर मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share