सहारनपुर के देवबंद में भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर; चार की मौत
सहारनपुर के देवबंद में कंटेनर की टक्कर से श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हुई और 12 घायल मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नवरात्रि के अवसर पर मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर मेरठ लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
चाय-पानी के लिए रुकी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
जानकारी के मुताबिक, कुशावली गांव के श्रद्धालु नवरात्रि के लिए मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेने सहारनपुर गए थे। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। शनिवार सुबह देवबंद में रास्ते में श्रद्धालुओं ने चाय-पानी के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए कंटेनर ने उसमें टक्कर मार दी।
और पढ़ें: कच्छ में मजदूरों से भरी पिकअप वैन की ट्रक से टक्कर, मौतों पर पीएम मोदी ने जताया शोक
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में बैठे कई श्रद्धालु उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
चार श्रद्धालुओं की मौत, 12 मेरठ रेफर
हादसे में बिल्लू उर्फ रमेश, अमन, सागर और पंकज की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल 12 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार भी कराया जा रहा है।
गांव में पसरा मातम
दुर्घटना की खबर मिलते ही कुशावली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायलों की मदद और उपचार की व्यवस्था के लिए बजरंग दल के पूर्व नेता मिलन सोम सहारनपुर पहुंचे। पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी हादसे पर दुख जताया और पीड़ितों के पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
और पढ़ें: डबरा में तेज रफ्तार स्विफ्ट ने दो कारों को मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा