×
 
☰

फतेहपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबे पांच लोग

फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में पांच लोग मलबे में दबे, जिन्हें मलबे से निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। राहत अभियान जारी है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सिलेंडर में जोरदार विस्फोट के बाद दो मंजिला मकान की छत और इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे के दौरान घर में मौजूद पांच लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा मलवां थाना क्षेत्र के एक मकान में खाना बनाते समय हुआ। अचानक गैस सिलेंडर फटने से तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के चार से पांच घरों को भी नुकसान पहुंचा। धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात कही जा रही है।

घटना के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से पांच लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।

और पढ़ें: उत्तर प्रदेश में बारिश का कहर, 56 लोगों की मौत; कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जिले के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अब तक किसी व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह सुरेश गुप्ता का बताया जा रहा है। सुरेश गुप्ता और उनके भाई का परिवार इसी मकान में रहता था। परिवार में पांच छोटे बच्चे भी शामिल थे। सुरेश गुप्ता फल की दुकान चलाने का काम करते हैं।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रभावित मकानों का भी जायजा लिया जा रहा है।

और पढ़ें: कानपुर में नशे में बदसलूकी के आरोप में दारोगा निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share