शादी से इनकार पर प्रेमिका ने हिंडन नदी में लगाई छलांग, युवती की तलाश जारी
ग्रेटर नोएडा में शादी से इनकार के बाद एक युवती ने हिंडन नदी में छलांग लगा दी। प्रेमी ने बचाने के लिए कूदकर जान बचाई, युवती लापता है।
ग्रेटर नोएडा में शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवती ने हिंडन नदी में छलांग लगा दी। घटना ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव के पास स्थित हिंडन नदी की है। युवती की पहचान संजना के रूप में हुई है। घटना के बाद से पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम नदी में उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 9 बजे संजना और उसके प्रेमी राहुल के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि राहुल ने संजना से शादी करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर संजना हिंडन पुल पर पहुंच गई। कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी।
संजना को नदी में कूदता देखकर राहुल भी उसे बचाने के लिए पीछे से नदी में उतर गया। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से राहुल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
और पढ़ें: दिल्ली के विवेक विहार में एलपीजी सिलेंडर में धमाका, पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलसे
सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। पुलिस ने लापता युवती की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। पुलिस और एनडीआरएफ के जवान नदी में तलाशी अभियान चला रहे हैं। अंधेरा होने और नदी में पानी के बहाव जैसी चुनौतियों के बीच युवती की तलाश की जा रही है।
संजना के पिता के अनुसार, उनकी बेटी राहुल के संपर्क में थी। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच संबंध थे और शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। शादी से इनकार किए जाने के बाद संजना ने कथित तौर पर यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही युवती की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
और पढ़ें: मेघालय में बड़ा सियासी खेल! यूडीपी के 9 विधायक बीजेपी में विलय की तैयारी में: सूत्र