×
 

हमीरपुर में नाव पलटने से बड़ा हादसा, पांच बच्चों समेत छह लोग लापता

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलटने से पांच बच्चों समेत छह लोग लापता हो गए। राहत-बचाव के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में एक नाव पलट गई। इस हादसे में पांच बच्चों समेत छह लोग लापता हो गए, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा कुरारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भौली ग्राम पंचायत के कुतुबपुर पटिया मजरे में हुआ। नाव में कुल नौ लोग सवार थे, जो नदी के टापू से खीरा और खरबूजा खरीदकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे अचानक नाव असंतुलित होकर नदी में डूब गई।

बचाए गए लोगों की पहचान विष्णु, रिंकू और पारुल के रूप में हुई है। वहीं लापता लोगों में आकांक्षा (9 वर्ष), रानी (9 वर्ष), बृजरानी (25 वर्ष), लाभ्यांश (5 वर्ष), महेश (6 वर्ष) और आदित्य (11 वर्ष) शामिल हैं।

और पढ़ें: गुरुग्राम-सोहना एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, विशाल गड्ढे से लगा लंबा जाम

हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। नाविक के अनुसार नाव पलटी नहीं थी, बल्कि अचानक पानी में डूबने लगी। जो लोग तैरना जानते थे, वे बाहर निकल आए, जबकि बाकी लोग लापता हो गए।

बांदा रेंज के डीआईजी राजेश यश ने कहा कि छह लोग अभी भी लापता हैं, जिनमें एक महिला और पांच बच्चे शामिल हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पैक की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

वहीं भाजपा विधायक मनोज प्रजापति ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जाएगी और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उठे सवाल: किन दस्तावेजों से खुल सकती थी तृणमूल कांग्रेस की पोल?

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share